खानपुर। नाईवाला गांव से बारात लेकर गई पिकअप के दुर्घटनाग्रस्त होने से गांव के एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि दूल्हे के भाई समेत तीन लोग घायल हो गए थे। गांव में खबर पहुंचते ही मातम छा गया। शनिवार को दूल्हे का भाई मृतक का शव लेकर गांव पहुंचा। गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।
खानपुर थाना क्षेत्र के नाईवाला गांव निवासी राकेश की शादी यूपी के बलिया जिले के चांदपुर गांव में तय हुई थी। सुखबीर अपने पुत्र राकेश, परिजनों और ग्रामीणों के साथ महेंद्रा पिकअप गाड़ी से बृहस्पतिवार को सुबह ग्यारह बजे नाईवाला से बलिया के लिए निकले थे। उन्होंने शुक्रवार को बरेली पहुंच कर चाय नाश्ता किया । उसके बाद जब पिकअप बरेली-फैजाबाद मार्ग पर पहुंची तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने साइड मार दी। इसी दौरान ट्रक से लटक रही कुंडी पिकअप की खिड़की में फंस गई। कुंडी फंसते ही तेज गति से चल रहे ट्रक के साथ साथ पिकअप हवा में लहरा कर पलट गई। दुर्घटना में नाईवाला गांव निवासी 55 वर्षीय राजाराम की मौत हो गई, जबकि दूल्हे का भाई विकास ,दूल्हे का फूफा रकम सिंह व जगदीश गंभीर रूप से घायल हो गए। क्षेत्रीय पुलिस ने शव का पंचनामा भर पीएम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया और ट्रक को थाने ले गई। शनिवार को दूल्हे का भाई विकास मृतक राजाराम का शव लेकर नाईवाला गांव पहुंचा। शव गांव पहुंचते ही खुशियां मातम में बदल गई। इसके बाद गमगीन माहौल में उसके शव का अंतिम संस्कार किया गया। दूल्हे के भाई विकास ने बताया कि उसके पिता सुखबीर व दूल्हा राकेश व तीन अन्य ग्रामीण बारात लेकर चांदपुर चले गए थे।