ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
अलग-अलग मामलों में चोरों ने दिनदहाड़े मकान से बैग और चार्जिंग में लगा मोबाइल चोरी कर लिया। बैग में हजारों की नकदी और जरूरी दस्तावेज थे। मकान मालिक ने चोरी की तहरीर पुलिस को दी है। साथ ही एक युवक पर चोरी का शक जताया है। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित शेखपुरी निवासी दीपक कश्यप ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार को वे किसी काम से रुड़की आने की तैयारी कर रहे थे। इसके लिए उन्होंने एक बैग में करीब पांच हजार की नकदी और जरूरी दस्तावेज रखे थे। इस बीच वह घर से बाहर किसी काम से गए थे। जब वह लौटे तो बैग गायब था। उन्होंने बैग की घर में तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने कोतवाली पहुंचकर एक युवक पर बैग चोरी करने का शक जताया है। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उधर, आदर्शनगर निवासी रोहित कुमार ने बताया कि उन्होंने अपने कमरे में मोबाइल चार्जिंग पर लगाया था। इस बीच किसी ने कमरे से मोबाइल चुरा लिया। उन्होंने कोतवाली में तहरीर देेकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।