ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की। सोलानीपुरम में कारोबारी के बंद पड़े मकान से लाखों की चोरी हो गई थी। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चोरी का सामान भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित सोलानीपुरम में कारोबारी अनमोल जैन का मकान है। वह अपने परिवार के साथ नोएडा में रहते हैं। 20 फरवरी को चोरों ने उनके मकान का ताला तोड़कर नकदी समेत लाखों का सामान चोरी कर लिया था। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस केस दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर रही थी। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि मंगलवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कारोबारी के घर में चोरी करने वाले दो युवक आदर्शनगर जाने वाले रास्ते पर खड़े होकर वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। इस पर पुलिस ने अजीम पुत्र इरशाद और शकील पुत्र शफीक निवासी मच्छी मोहल्ला को गिरफ्तार कर कोतवाली ले गई। दोनों से पूछताछ की गई तो उन्होंने चोरी करने की बात स्वीकारी। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि दोनों की निशानदेही पर घर से चोरी की गई 31 पानी की टोंटियां, छोटा मंदिर, गणेश मूर्ति, एक कलश समेत अन्य सामान बरामद किया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।