अमर उजाला ब्यूरो
झबरेड़ा। लापता चल रहे युवक का शव घर के पीछे पेड़ पर लटका मिला है। युवक के आत्महत्या करने की आशंका जताई गई है। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
झबरेड़ा थानाक्षेत्र के भलस्वागाज निवासी 21 वर्षीय युवक बुधवार सुबह घर से लापता हो गया था। जब घंटों तक युवक घर नहीं पहुंचा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रात के समय किसी ने परिजनों को बताया कि उनके घर के पीछे आम के बाग के एक पेड़ में युवक का शव लटका है। युवक का शव मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर उसका अंतिम संस्कार कर दिया। बताया जा रहा है कि युवक काफी दिनों से मानसिक तनाव में चल रहा था। जिसके चलते आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। वहीं पुलिस को इसकी सूचना नहीं है। झबरेड़ा थाना प्रभारी प्रदीप मिश्रा ने बताया कि पुलिस को इस तरह की सूचना नहीं मिली है। यदि पुलिस को कोई शिकायत मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।