ब्यूरो/अमर उजाला, मंगलौर। स्लाटर हाउस की कवरेज करने गए टीवी चैनल के पत्रकार ने ठेेकेदार और उसके लोगों पर बंधक बनाने का प्रयास करने और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। इस दौरान पत्रकार के पक्ष में कई हिंदू संगठन के लोगों ने भी कोतवाली में हंगामा किया। इसी बीच कोतवाली पहुंचे ठेकेदार ने भी पत्रकार के खिलाफ ब्लैकमेल करने के आरोप में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार, नगर के मोहल्ला पठानपुरा के बाहर नगर पालिका पीपी मोड़ पर स्लाटर हाउस बनवा रही है। रविवार की सुबह एक चैनल का पत्रकार स्लाटर हाउस की कवरेज करने मौके पर पहुंचा। पत्रकार का आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने स्लाटर हाउस की कवरेज का विरोध किया। उन्होंने कवरेज जारी रखी तो लोगों ने गाली गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें बंधक बनाने का प्रयास किया गया। पत्रकार ने मामले में कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इसी दौरान हिंदू संगठनों के कुछ पदाधिकारी कोतवाली पहुंच गए और हंगामा करना शुरू कर दिया। यह लोग पत्रकार के साथ हुई मारपीट का विरोध करते हुए आरोपी ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। इसी बीच स्लाटर हाउस का ठेकेदार भी मौके पर पहुंच गया। उसने भी पत्रकार के खिलाफ ब्लैकमेल करने और रुपये मांगने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। दोनों पक्षों के आमने सामने आने पर दोनों में तनातनी भी हुई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान का कहना है कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है, जिनकी जांच की जा रही है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
स्लाटर हाउस के विरोध में फूंका मंत्री का पुतला
रुड़की। मंगलौर में बन रहे स्लाटर हाउस के विरोध में राष्ट्रीय आतंकनाशी मंच के कार्यकर्ताओं ने कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने स्लाटर हाउस का काम न रुकने पर छह जुलाई को 25 गांवों की पंचायत आयोजित करने की चेतावनी दी गई है।
रुड़की में चंद्रशेखर चौक पर रविवार को प्रदर्शन के दौरान मंच के क्षेत्रीय संयोजक पंकज भैया ने कहा विकास के नाम पर सरकार स्लाटर हाउस को खुलवाने का काम कर रही है, लेकिन यह स्लाटर हाउस जनभावनाओं को कुचलकर खोला जा रहा है। अनुराग तिवारी एवं मगन चौधरी ने कहा देवभूमि में इस प्रकार के कृत्य को अंजाम नहीं देने दिया जाएगा। स्लाटर हाउस का काम नहीं रुका तो छह जुलाई को मंगलौर क्षेत्र में 25 गांव की पंचायत आयोजित की जाएगी। इस मौके पर चौधरी प्रतीक पंवार, विजय कालरा, विक्रम सिंह, कुलदीप सैनी, विजयपाल चौधरी, चौधरी राहुल सिंह, चौधरी प्रताप सिंह, चौधरी अनुज कुमार, अंकुश कुमार, सोनू, रोहित, सोमपाल आदि मौजूद रहे।