ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की। श्रावण मास के दौरान कांवड़ यात्रा के चलते जनपद के पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। डीजी और एडीजी की ओर से जिला पुलिस मुख्यालय को आदेश जारी कर कहा गया है कि कांवड़ यात्रा के मद्देनजर किसी पुलिसकर्मी को छुट्टी नहीं दी जाएगी। मुख्यालय की ओर से यह आदेश सभी कोतवाली और थानों को भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सजग हैं। लाखों की संख्या में कांवड़ियों के हरिद्वार पहुंचने की संभावना को देखते हुए इस बार भी 17 से 30 जुलाई तक चलने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से इंतजाम किए गए हैं। इसी क्रम में जिले में तैनात सभी पुलिस अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। डीजी और एडीजी की ओर से जिला पुलिस मुख्यालय को आदेश जारी कर 12 से 30 जुलाई तक सभी की छुट्टियां रद्द करने को कहा गया है। पुलिस अधिकारियों की मानें तो आपात स्थिति में ही पुलिसकर्मियों को छुट्टी दी जाएगी।
डीजी और एडीजी की ओर से कांवड़ यात्रा में पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द करने का आदेश जारी किया गया है। सभी कोतवाली और थानों में यह आदेश भिजवा दिया गया है। किसी भी अधिकारी और पुलिसकर्मी को कांवड़ यात्रा के दौरान छुट्टी नहीं जाएगी।
-जन्मेजय प्रभाकर खंडूड़ी, एसएसपी, हरिद्वार