ब्यूरो/अमर उजाला, लक्सर
खड़ंजा कुतुबपुर में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ। इस दौरान मारपीट में दोनों पक्षों के दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को मेडिकल के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र के खड़ंजा कुतुबपुर गांव निवासी गालिब और अय्यूब की कृषि भूमि एक दूसरे से लगी हुई है। बृहस्पतिवार को किसी ने खेत की मेड़ काट दी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच पहले मामूली कहासुनी हुई और फिर बात बढ़ गई। दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। गालिब पक्ष ने लक्सर कोतवाली पुलिस को तहरीर दे दी। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार रात अय्यूब पक्ष के एक युवक को हिरासत में ले लिया। इस पर शुक्रवार को दोनों पक्षों के बीच फिर से विवाद हो गया और जमकर पथराव हुआ। काफी देर हुए संघर्ष में गालिब का बेटा समीर और अय्यूब बेटा रियाज घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को मेडिकल के लिए अस्पताल भेज दिया, यहां दोनों की हालत गंभीर होने के चलते डॉक्टर ने हायर सेंटर भेज दिया। कोतवाल वीरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।