ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
उत्तराखंड परिवहन विभाग की फर्जी रसीद काटकर विभाग को चूना लगाने के मामले में पुलिस ने गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास कई फर्जी रसीद समेत अन्य सामान भी बरामद हुआ है। पुलिस उसके अन्य साथियों की तलाश कर रही है। साथ ही एआरटीओ के अधिकारियों से मामले की जानकारी ले रही है।
बृहस्पतिवार को रुड़की के परिवहन कर अधिकारी केके बिजल्वाड़ टीम के साथ वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस बीच 12 सीटर गाड़ी को उन्होंने रोक लिया और कर रसीद दिखाने को कहा। चालक ने जो रसीद दिखाई, उसके फर्जी होने के शक पर उन्होंने कार्यालय में ऑनलाइन रसीद चढ़ने की जानकारी ली। पता चला कि रसीद ऑनलाइन नहीं है और वह उत्तराखंड परिवहन विभाग की फर्जी रसीद है। उन्होंने चालक से पूछताछ की तो पता चला कि मेरठ में एक जगह उसने रसीद कटवाई थी। इस पर परिवहन कर अधिकारी ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया था। साथ ही आरोपियों की तलाश में पुलिस की एक टीम मेरठ पहुंची थी। इस बीच पुलिस ने मुरादनगर से एक युवक को धर दबोचा। पुलिस ने उसके पास कई फर्जी रसीद भी बरामद की। पुलिस उसे रुड़की ले आई। एसआई बारू सिंह चौहान ने बताया कि आरोपी अमित रावल गांव पलवल, मुरादाबाद का रहने वाला है। वह मुरादाबाद स्थित एआरटीओ कार्यालय में अस्थायी तौर पर काम करता है। मामले में छानबीन की जा रही है कि गिरोह में कितने लोग शामिल हैं और फर्जी रसीद का काम कहां-कहां चल रहा है।