रुड़की। एक युवक ने नाबालिग छात्रा का अपहरण कर लिया। नाबालिग को तलाशते हुए परिजन एक स्थान पर पहुंचे तो छात्रा का शोर मचा सुनाई दिया। शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। लोगों ने आरोपी की जमकर धुनाई कर दी। साथ ही आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोक्सो व दुष्कर्म के प्रयास में केस दर्ज कर लिया है। साथ ही पुलिस ने छात्रा के बयान दर्ज कर मेडिकल करवाया।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित एक गांव निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि दिल्ली-हरिद्वार हाईवे स्थित एक स्कूल में उनकी नाबालिग बेटी पढ़ती है। शनिवार देर शाम उनकी बेटी अचानक लापता हो गई। उसकी आसपास तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। आसपास के लोगों ने बताया कि रात करीब नौ बजे एक युवक को उनकी नाबालिग बेटी को ले जाते हुए देखा गया है। इसपर परिजनों ने छात्रा की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान उन्हें छात्रा का शोर सुनाई दिया। शोर सुनकर परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे और युवक को पकड़ लिया। आरोप है कि परिजनों के पहुंचने के बाद भी युवक ने छात्रा का हाथ नहीं छोड़ा और जबरन उसे अपनी साथ ले जाने पर अड़ गया। इससे नाराज लोगों ने युवक की जमकर धुनाई कर दी। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया और कोतवाली ले आई। पीड़ित छात्रा के परिजनों ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। एसएसआई प्रमोद कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर गगन निवासी गांव भंगेड़ी के खिलाफ पोक्सो, दुष्कर्म का प्रयास व जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि छात्रा के बयान दर्ज करवाने के बाद मेडिकल करवाया गया है। उधर, बताया जा रहा है कि आरोपी की शादी तय रखी हैऔर नवंबर में शादी है।