ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की। साइबर शातिरों ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर कारोबारी और दुकानदार से हजारों रुपये की ठगी की। पीड़ितों ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी है। पुलिस ने दोनों मामले की छनबीन को साइबर सेल हरिद्वार भेज दिया है। साथ ही अपने स्तर से भी जांच कर रही है। पुलिस को दुकानदार से ठगी के मामले में कुछ सुराग हाथ लगे हैं।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के सोलानीपुरम निवासी आनंद सिंह की परचून की दुकान है। आनंद ने बताया कि उनके पास एक अनजान नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक अधिकारी बताते हुए ग्राहकों के सत्यापन की बात कही। कहा कि बैंक की ओर से ग्राहकों के बैंक खाता और एटीएम कार्ड संबंधी जानकारी ली जा रही है। उसके झांसे में आकर उन्होंने अपने खाते संबंधी जानकारी दे दी। इसके बाद उनके मोबाइल पर खाते से 31 हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज आया। खाते से रुपये निकाले जाने का मैसेज देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने इसकी जानकारी अपने बेटे को दी। बेटी ने तत्काल बैंक पहुंचकर शिकायत की। साथ ही पीड़ित दुकानदार ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी।
उधर, थाना बहादराबाद के गांव अलीपुरा निवासी अनिल कुमार कारोबारी हैं। उनका सिविल लाइंस स्थित एक बैंक में खाता है। उनके पास भी एक अजनान नंबर से कॉल आई और उसने भी सत्यापन करने की बात कही। झांसे में आकर उन्होंने पूरी जानकारी दे दी। इसके बाद उनके मोबाइल पर खाते से 41 हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज आया। मैसेज देखकर उनके होश उड़ गए। आननफानन बैंक पहुंचे और बैंक अधिकारी से शिकायत की। साथ ही कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। एसआई बारु सिंह चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर दोनों मामलों को साइबर सेल भेज दिया है। साथ ही अपने स्तर से भी मामले की छानबीन की जा रही है।