ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
एक बुजुर्ग महिला ने अपनी पुत्रवधू पर मारपीट कर गला दबाकर हत्या का प्रयास करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बेटे की मौत के बाद पुत्रवधू अक्सर उसके साथ मारपीट करती है। पीड़िता ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की छानबीन कर रही है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक कॉलोनी निवासी एक बुजुर्ग महिला ने बताया कि उसके बेटे की कुछ साल पूर्व मौत हो गई थी। तभी से वह अपनी पुत्रवधू के साथ एक ही घर में रह रही थी। आरोप है कि बेटे की मौत के बाद पुत्रवधू उसे घर से निकालकर घर कब्जाने का प्रयास कर रही है। इसे लेकर वह अक्सर उनके साथ मारपीट करती रहती हैं। आरोप है कि सोमवार की सुबह वह अपने घर पर ही थीं। तभी उनकी पुत्रवधू ने गाली गलौज कर दी और घर से निकलने का दबाव बनाने लगी। विरोध किया तो पुत्रवधू ने मारपीट कर दी। साथ ही घर से निकालने का प्रयास करने लगी। विरोध करने पर पुत्रवधू ने गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। किसी तरह उसने शोर मचाया तो आसपास के लोगों ने उसे बचाया। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। एसएसआई रणजीत तोमर ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की छानबीन की जा रही है।