ब्यूरो/अमर उजाला, लक्सर। एक पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने आए एक युवक को कुछ युवकों ने ईटों से वार कर घायल कर दिया। शोर सुनकर मौके पर आए पंप के सेल्समैनों ने आरोपी हमलावरों के कब्जे से युवक को छुड़ाया। पीड़ित ने घटना की तहरीर कोतवाली पुलिस को दी है।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र के सेठपुर गांव निवासी बिट्टू पुत्र अंगूरा बसेड़ी चौराहे पर स्थित बाइक रिपेयरिंग की दुकान पर कार्य करता है। रोजमर्रा की तरह वह शनिवार को भी अपनी बाइक से बसेड़ी चौराहे पर स्थित दुकान पर आया था, लेकिन इसी बीच वह चौराहे के निकट स्थित एक पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने के लिए पहुंचा। आरोप है कि इसी बीच कुछ युवकों ने अपने हाथों में ईंट उठाकर उसके ऊपर हमला बोल दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर शराबा सुनकर मौके पर आए पेट्रोल पंप के सेल्समैनों ने आरोपियों के कब्जे से उसे छुड़ाया। इसके बाद बिट्टू ने लक्सर कोतवाली पहुंचकर घटना की तहरीर कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी। उधर, आरोपियों द्वारा किए गए हमले की तमाम करतूत पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। हालांकि आरोपियों ने युवक पर हमला क्यों किया इसकी वजह साफ नहीं हो पाई है। कोतवाल वीरेंद्र नेगी का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।