ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की। बाइक सवार युवक ने बाजार से लौट रहे एक युवक का मोबाइल छीन लिया। बदमाश ने मोबाइल छीनने के बाद युवक को हाथ हिलाया और तेजी से फरार हो गया। पीड़ित युवक ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की छानबीन की जा रही है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित आदर्शनगर निवासी अनिल कुमार बृहस्पतिवार की शाम बाजार से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह नगर निगम पुल के पास पहुंचे तो पीछे बाइक सवार एक युवक आया और झपट्टा मारकर मोबाइल छीन लिया। अनिल ने उसका पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन बाइक सवार युवक उसे हाथ हिलाते हुए फरार हो गया। इस बीच शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। लोगों ने बाइक सवार युवक की तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया। शुक्रवार को पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को मामले की जानकारी दी। बताया कि दो दिन पूर्व ही उसने मोबाइल खरीदा था। अनिल कुमार ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि बाइक सवार युवक की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।