ब्यूरो/अमर उजाला, भगवानपुर
बाइक पर लिफ्ट देने के बहाने एक युवक ने ग्रामीण को चाय में नशीला पदार्थ पिलाकर हजारों रुपये और मोबाइल लूट लिया। इसके बाद ग्रामीण को नशे की हालत में भगवानपुर के पास सड़क किनारे छोड़कर बाइक से फरार हो गया। किसी तरह ग्रामीण घर पहुंचा। ग्रामीण के बेटे की तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भगवानपुर के गांव डाडा जलालपुर निवासी मेघराज रविवार को रुड़की स्थित एक अस्पताल में भर्ती अपने बेटे के पास आए थे। देर शाम वह अस्पताल के बाहर ही भगवानपुर जाने के लिए सवारी का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच एक बाइक सवार उनके पास पहुंचा और लिफ्ट देने की बात कही। उन्होंने भगवानपुर जाने की बात कही तो युवक ने भी वहीं तक जाने की बात कहते हुए बाइक पर बैठा लिया। जैसे ही वे भगवानपुर के पास देवी मंदिर के सामने पहुंचे तो युवक ने बाइक रोकी और दुकान पर चाय पीने की बात कही।
यहां रुककर दोनों ने एक दुकान पर चाय पी। इस बीच युवक ने मेघराज की चाय में नशीला पदार्थ मिला दिया। चाय पीने के बाद दोनों बाइक से भगवानपुर की तरफ चल दिए। इसी बीच मेघराज को नशा हुआ तो युवक ने बाइक रोकी और उन्हें सड़क किनारे छोड़ दिया। साथ ही जेब में पड़े दस हजार रुपये और मोबाइल निकालकर फरार हो गया। किसी तरह मेघराज रात में घर पहुंचे। परिजनों ने उन्हें डॉक्टर को दिखाया और सोमवार को कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। एसओ संजीव थपलियाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।