ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की/भगवानपुर
रुड़की और भगवानपुर पुलिस ने अपने-अपने क्षेत्र में स्मैक के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 228 ग्राम स्मैक बरामद की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। रुड़की पुलिस ने स्मैक के साथ धरे गए गैंगस्टर प्रवीण वाल्मीकि के शूटर के पास से एक किलो गांजा, एक तमंचा और एक कारतूस भी बरामद किया है।
सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह और एसएसआई अभिनव शर्मा पुलिस टीम के साथ शुक्रवार रात सोलानी पार्क के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध युवक घूमता दिखा। पुलिस ने उसे बुलाया तो युवक भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से 210 ग्राम स्मैक, एक किलो गांजा, 315 बोर का तमंचा और एक कारतूस बरामद किया। जांच में पता चला कि आरोपी नीरज उर्फ पंडित पुत्र सुनील निवासी बल्लभगढ़, थाना छायना, फरीदाबाद (हरियाणा) गैंगस्टर प्रवीण वाल्मीकि का शूटर है। प्रवीण के इशारे पर उसने सफाई नायक बसंत की गोली मारकर हत्या की थी। कुछ दिनों बाद ही जमानत पर बाहर आ गया था।
एसपी देहात नवनीत सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। वहीं, भगवानपुर पुलिस को सूचना मिल रही थी कि कस्बे और आसपास के क्षेत्र में स्मैक का कारोबार किया जा रहा है। शुक्रवार रात एसओ संजय थपलियाल टीम के साथ काली नदी पुलिस चौकी के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक आता दिखाई दिया। पुलिस देखकर वह भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से 18 ग्राम स्मैक बरामद हुई। एसओ ने बताया कि आरोपी नौशाद उर्फ गुड्डू पुत्र इस्लाम निवासी भगवानपुर के खिलाफ केस दर्ज कर जेल भेज दिया है। पुलिस टीम में एसआई मनोज शर्मा, सिपाही मोहन और राकेश कुमार शामिल थे।