ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
इनाम में कार निकलने का झांसा देकर ठगों ने एक मजदूर से हजारों रुपये की ठगी कर डाली। पीड़ित के पास अब भी कॉल आ रही है और उस पर खाते में और भी रकम डालने का दबाव बनाया जा रहा है। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है। साथ ही जिस नंबर से कॉल आ रही है, उसकी आईडी निकलवाई जा रही है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित कृष्णानगर निवासी सतेंद्र मिश्रा मेहनत मजदूरी करते हैं। करीब एक सप्ताह पहले उन्होंने ऑनलाइन घड़ी मंगवाई थी। घड़ी के साथ एक लकी ड्रा का कूपन भी मिला था। बृहस्पतिवार को उनके पास एक कंपनी के नाम से कॉल आई। कॉल करने वाले ने बताया कि घड़ी के साथ जो कूपन मिला था, उस कूपन में लकी ड्रा होने पर सफारी कार निकली है। कार की कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई गई। साथ ही बताया कि कंपनी की ओर से उनके खाते में यह रकम डाली जाएगी, इसके लिए उन्हें अपना बैंक खाता नंबर बताना होगा। झांसे में आकर उन्होंने खाता नंबर बता दिया। इसके बाद कॉल करने वाले ने बताया कि कार की रकम के लिए कंपनी में रजिस्ट्रेशन करना होगा और उसके लिए छह हजार जमा करने होंगे। कॉल करने वाले ने उन्हें एक बैंक खाता बताया। इसके बाद उन्होंने छह हजार रुपये खाते में डाल दिए। इसके बाद फिर कॉल आई और बताया कि सर्विस चार्ज के लिए 26 हजार रुपये खाते में जमा करने की बात कही। उन्होंने 26 हजार रुपये भी जमा कर दिए। सतेंद्र ने बताया कि अब उन्हें कॉल पर कॉल करके और रकम डालने की बात बोली जा रही है। रकम जमा न करने पर गाली गलौज की जा रही है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। एसएसआई रणजीत तोमर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।