ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
कोटद्वार के चर्चित वकील सुशील रघुवंशी हत्याकांड के तार अब रुड़की से भी जुड़ गए हैं। बताया जा रहा है कि रघुवंशी की हत्या के लिए शूटरों ने बागपत के एक बदमाश से रुड़की क्षेत्र में हथियारों का सौदा करवाया था। शनिवार को कोटद्वार पुलिस रुड़की पहुंची और मामले की छानबीन की। साथ ही गंगनहर कोतवाली में कई बदमाशों की कुंडली खंगाली।
कोटद्वार निवासी वकील सुशील रघुवंशी की 13 सितंबर, 2017 को दो बदमाशों ने घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी थी। उस समय रघुवंशी हत्याकांड पूरे प्रदेश में गूंजा था। वकीलों ने खुलासा करने के लिए धरने प्रदर्शन किए थे। करीब पौने दो साल बाद 12 मई पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा किया था। पुलिस ने हत्याकांड के षड्यंत्र में शामिल रहे कोटद्वार के प्रॉपर्टी डीलर विनोद कुमार गर्ग उर्फ विनोद लाला, उसके साथ प्रापर्टी का काम करने वाले सर्वेश्वर उर्फ डब्बू, सुरेंद्र सिंह नेगी उर्फ सूरी को गिरफ्तार किया था। तीनों ने बताया था कि वकील की हत्या की साजिश उन्होंने पौड़ी जेल में बंद शूटर रूपेश त्यागी के साथ मिलकर रची थी। रूपेश ने हत्याकांड को अंजाम देने के लिए बागपत के दो शार्प शूटरों को सुपारी दी थी।
दोनों शूटरों को सुरेंद्र सिंह नेगी उर्फ सूरी ने अपने भांजे अमित नेगी और बागपत निवासी अमित मखियाली के माध्यम से बाइक व पिस्टल उपलब्ध करवाई थी। हत्याकांड की अभी पुलिस और एसआईटी जांच कर रही है। जांच में सामने आया है कि रघुवंशी हत्याकांड में अमित मखियाली ने शूटरों को रुड़की क्षेत्र से हथियार उपलब्ध कराए थे। बताया जा रहा है कि शूटरों ने रुड़की से हथियार खरीदने के बाद हत्याकांड को अंजाम दिया था। हत्याकांड के रुड़की से तार जुड़ने के बाद शनिवार को सीओ श्रीनगर अनिल जोशी व कोटद्वार कोतवाली प्रभारी मनोज रतूड़ी यहां पहुंचे। उन्होंने गंगनहर कोतवाली में कई बदमाशों की कुंडली खंगाली और अनेक बिंदुओं पर छानबीन की।
रुड़की के एक बदमाश का नाम भी आया सामने
पुलिस सूत्रों की मानें तो रघुवंशी हत्याकांड में रुड़की के एक बड़े बदमाश का नाम भी सामने आ रहा है। हत्या में शामिल दोनों शूटरों का रुड़की के बदमाश से संपर्क बताया जा रहा है। वर्तमान में रुड़की का यह बदमाश प्रदेश की एक जेल में बंद है। जेल में रहते हुए शूटरों का बदमाश से संपर्क हुआ था। सूत्रों की मानें तो पौड़ी जेल में बंद बदमाश रूपेश त्यागी का रुड़की के बदमाश से भी संपर्क है।
मुजफ्फरनगर के हैं दोनों शूटर
पुलिस सूत्रों की मानें तो रघुवंशी हत्याकांड में शामिल दोनों शूटर मुजफ्फरनगर के रहने वाले हैं। दोनों का संपर्क रुड़की क्षेत्र के कई लोगों से भी है। सूत्रों की मानें तो दोनों शूटर वेस्ट यूपी के एक बदमाश के लिए भी काम करते हैं। दोनों शूटरों को रुड़की क्षेत्र की अच्छी पहचान है और इसलिए उन्होंने हथियारों का सौदा भी रुड़की में ही किया था।