ब्यूरो/अमर उजाला, भगवानपुर
किसान का परिवार आंगन में गहरी नींद में सोता रहा और चोरों ने पूरा मकान खंगाल लिया। चोर हजारों की नकदी समेत लाखों के जेवर लेकर फुर्र हो गए, लेकिन परिवार को भनक तक नहीं लगी। सुबह पता चला तो किसान ने तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की छानबीन करते हुए केस दर्ज करने की तैयारी कर रही है।
भगवानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अकबरपुर कालसो निवासी सतीश कुमार पेशे से किसान हैं। रविवार रात वह परिवार के साथ घर के आंगन में सो रहे थे। इसी बीच चोर दीवार फांदकर मकान के अंदर घुसे और कमरे में रखी अलमारी का लॉक तोड़ दिया। चोर अलमारी में रखी नकदी और जेवर चोरी कर ले गए, लेकिन आंगन में सो रहे परिवार को भनक तक नहीं लगी। चोरी का पता सोमवार की सुबह तब लगा, जब परिवार के लोग सोकर उठे और कमरे में सामान बिखरा हुआ देखा।
चोरी की खबर लगते ही मौके पर ग्रामीण जमा हो गए और चोरी की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और मकान का निरीक्षण किया। साथ ही मकान के आसपास खेतों की छानबीन की। यहां खेत में जेवरातों के खाली डिब्बे पड़े मिले। सतीश ने पुलिस को बताया कि चोर 17 हजार की नकदी समेत लाखों के जेवर ले गए हैं। एसओ संजीव थपलियाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा किया जाएगा।