ब्यूरो/अमर उजाला, लक्सर
संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई युवती का शव मिलने के बाद परिजनों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए लक्सर कोतवाली में जमकर हंगामा किया। परिजनों ने युवती के पति, सास और ससुर पर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने, दहेज के लिए उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया। उनका आरोप है कि ससुरालवालों ने ही हत्या कर उसका शव गंगा किनारे फेंक दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
दो दिन पहले ससुराल से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई युवती का शव हरिद्वार में गंगा किनारे पड़ा मिला था। बुधवार को बहादराबाद थाना क्षेत्र एक गांव निवासी व्यक्ति ने लक्सर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसने अपनी बेटी की शादी वर्ष 2014 में सुल्तानपुर निवासी युवक के साथ की थी। दो दिन पहले युवती ससुराल से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। मंगलवार को उसके परिजन सुल्तानपुर चौकी पर जानकारी लेने गए तो पुलिस ने उन्हें कनखल थाना क्षेत्र में गंगा से मिली एक लावारिस शव की फोटो दिखाई।
परिजनों ने उसकी पहचान करने बाद कनखल पहुंचकर शव की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, बुधवार को परिजनों के साथ कोतवाली पहुंचे ग्रामीणों ने ससुरालवालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाकर हंगामा किया। साथ ही उन्होंने युवती की सास, ससुर और पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसएसआई हरिओम राज चौहान ने बताया कि मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।