अमर उजाला ब्यूरो
लक्सर। शनिवार देर शाम पथरी क्षेत्र की एक युवती अपने प्रेमी के घर रायसी पहुंच गई। इसकी जानकारी मिलने पर युवती के परिजन भी वहां पहुंच गए। वह जब युवती को अपने साथ लेकर चलने लगे तो दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस उन्हें चौकी ले गई। जहां वर्ता के बाद युवती परिजनों के साथ चली गई।
पथरी थाना क्षेत्र की एक युवती का लक्सर चौकी क्षेत्र के एक गांव के युवक से फोन पर बातचीत शुरू हुई। कई दिनों तक बात होने लगी। इसी बीच दोनों ने साथ जीने- मरने की कसमें भी खा ली। शनिवार देर शाम युवती अपने परिजनों को चकमा देकर वह अपने प्रेमी के घर रायसी पहुंच गई। युवती को घर से गायब देख जब परिजनों ने उसकी खोजबीन की तो पता चला कि वह प्रेमी के घर रायसी पहुंच गई। परिजन भी रायसी पहुंचे। जब युवती के परिजन उसे साथ लेकर चलने लगे तो युवती ने जाने से साफ इनकार कर दिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच मारपीट भी हो गई।
ग्रामीणों की सूचना पर चौकी प्रभारी रघुवीर सिंह चौधरी गांव पहुंचे और दोनों पक्षों को रायसी चौकी ले गए। जहां दोनों पक्षों के बीच बैठक हुई। जहां युवती ने अपने परिजनों के साथ जाने की सहमति जता दी। उधर कोतवाल अमर चंद शर्मा ने बताया कि युवती ने अपने परिजनों के साथ जाने की इच्छा जताई थी, इस पर युवती को उसके परिजनों के साथ भेज दिया गया है।