बुग्गावाला। प्रेम प्रसंग के चलते बेटी की हत्या करने और उसका अंतिम संस्कार कर साक्ष्य मिटाने का मामला सामने आया है। शिकायत पर पुलिस ने बेटी की हत्या के आरोप में पिता के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि हिरासत में लिए गए युवती के माता-पिता को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच में आरोपों की पुष्टि के बाद कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एक युवती मंगलवार सुबह ट्यूशन गई थी। शाम तक जब युवती घर नहीं लौटी तो परिजनों से बुग्गावाला पुलिस को मामले की शिकायत की थी। परिजन युवती के प्रेमी के साथ जाने की बात से नाराज थे। आरोप है कि बुधवार को परिजनों ने युवती की हत्या कर शाम को उसका अंतिम संस्कार कर दिया। ग्रामीणों ने पुलिस को युवती की हत्या करने की शिकायत की थी। शिकायत पर पुलिस ने युवती के पिता और मां को हिरासत में लिया था। पुलिस ने मामले में पिता राजेश के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाए जाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष गोविंद सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत पर मामले की जांच पड़ताल शुरू की गई। पिता के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हिरासत में लिए गए पिता और मां को छोड़ दिया गया है। अभी जांच की जा रही है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो गिरफ्तारी की जाएगी।