----
हाईटेंशन लाइन टूटी, कई घरों में उपकरण फुंके
श्री एन्क्लेव कालोनी के कई मकानों की अंडर ग्राउंड फिटिंग में ब्लॉस्ट, प्लास्टर उखड़ा, अफरातफरी
गुस्साए लोगों ने लाइन शिफ्ट कराने की मांग को किया हंगामा
ऊर्जा निगम के अधिकारियों पर लगाया अनदेखी का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
रुड़की।
जर्जर हाईटेंशन लाइन एलटी लाइन पर गिरने से श्री एन्क्लेव कालोनी के कई घरों के इलेक्ट्रानिक उपकरण और बिजली की फिटिंग फुंक गई। कई घरों में अंडर ग्राउंड फिटिंग में जबरदस्त ब्लॉस्ट होने से प्लास्टर भी उखड़ गया। इससे कालोनी में अफरातफरी मच गई। गुस्साए कालोनी के लोगों ने एचटी लाइन हटाने की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। साथ ही ऊर्जा निगम पर अनदेखी का आरोप लगाया।
गणेशपुर क्षेत्र स्थित श्री एन्क्लेव कालोनी के ऊपर से 33 हजार केवी की हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। रविवार तड़के करीब ढाई-तीन बजे लाइन में स्पार्क होने के साथ जोरदार धमका हुआ और तार टूटकर एलटी लाइन पर गिर गया। इससे तेज वोल्टेज से कई घरों के टीवी, फ्रिज, पंखे, एसी और इन्वर्टर में धमाके हो गए। यहां तक की कई घरों में बिजली फिटिंग में स्पार्क के साथ आग लग गई। वोल्टेज इतनी हाई थी कि अंडर ग्राउंड फिटिंग में जबरदस्त ब्लॉस्ट होने से प्लास्टर भी उखड़ गया। जोरदार आवाज से कालोनी में अफरातफरी की स्थिति रही। इससे कालोनी में अंधेरा छा गया। लोग घरों से बाहर भागे। काफी देर बाद पता चला कि एलटी पर एचटी लाइन टूटकर गिर गई है। इससे कालोनी के लोग भड़क गए। गुस्साए लोगों ने कालोनी में हंगामा कर दिया। आरोप लगाया कि ऊर्जा निगम के अधिकारियों से लगातार लाइन शिफ्ट करने की मांग की जाती रही है, लेकिन कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
इनसेट
इन घरों हुआ नुकसान
रुड़की। कालोनी के अरुण गैरोला ने बताया कि रात को घर में अचानक स्पार्क के साथ फ्रिज, टीवी, इन्वर्टर, पंखों आदि से धुआं निकलने लगा और अंडर ग्राउंड वायरिंग भी जल गई। जितेंद्र कुमार ने बताया कि उनके घर के इलेक्ट्रानिक उपकरण फुंक गए है। घर की वायरिंग भी जल गई है। रीमा पंत ने बताया कि हाईवोल्टेज से ट्यूब, फ्रिज, एलईडी आदि सहित कई सामान खराब हो गया है। अचानक स्पार्क और धुएं से पूरा परिवार घबरा गया था। अमर के घर का भी यही हाल है। कालोनी के लोगों की मानें तो हाई वोल्टेज से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
इनसेट
फोटो
लाइन जोड़ने में भी जुगाड़
रुड़की। कालोनी के लोगों की सूचना पर ऊर्जा निगम के कर्मी मौके पर पहुंचे और लाइन बंद कराई। उसके बाद लाइन को ठीक करने में निगम कर्मियों ने जुगाड़बाजी की है। इससे कालोनी के लोगों में रोष और भय है। कर्मियों ने लाइन जोड़कर एक घर के ऊपर निकल रहे प्लास्टिक के पाइप पर इंसुलेटर लगाकर तार को उसके साथ बांध दिया है। एचटी लाइन के तार को मामूली से प्लास्टिक के पाइप के साथ बांधने से लोगों में रोष है। इससे कभी भी फिर हादसा हो सकता है।
इनसेट
पूरी कालोनी में है लाइन का जाल
रुड़की। श्री एन्क्लेव की पूरी कालोनी में हाईटेंशन लाइन का जाल है। छतों से लाइन के तार ऐसे गुजर रहे हैं मानों कपड़ेे टांगने के तार हों। इनको लेकर कालोनी के लोगों में हमेशा हादसे का भय बना रहता है। अरुण गैराला ने बताया कि वर्ष 2009 में जिस बिल्डर से उन्होंने मकान लिया था। उसने बताया था कि यह लाइन बंद हो चुकी है। इसे शिफ्ट कराने के लिए पैसा भी जमा कराया जा चुका है। इसलिए लाइन को लेकर टेंशन नहीं है, लेकिन आठ साल बाद भी लाइन ज्यों की त्यों हैं।
इनसेट
जर्जर लाइन जानमाल पर पड़ रही भारी
रुड़की। शहर और देहात में एचटी लाइन के टूटने से कई हादसे हो चुके हैं। कलियर क्षेत्र के रोलाहेड़ी गांव में तीन दिन पहले एचटी लाइन टूटने से एक किसान और एक भैंसे की मौत हो गई थी। दो दिन पहले रामपुर चुंगी के समीप लाइन टूटने से आसपास के घरों के उपकरण फुंक गए थे। साथ ही दिनभर बिजली आपूर्ति बाधित रही थी। रामनगर में तीन दिन पहले वैशाली मंडपम के समीप लाइन टूट गई थी।
कोट
श्री एन्क्लेव में एचटी लाइन टूटकर एलटी पर गिर गई थी। गर्मी के कारण ओवर लोड हो रहा है। तार हिटअप होने की वजह से टूट जाते हैं। हालांकि जहां भी तार कमजोर है वहां बदला जा रहा है। श्री एन्क्लेव कालोनी में पहले से ही एचटी लाइन है। लोगों ने लाइन के नीचे घर बनाए हैं।
एके सैनी, अधिशासी अभियंता, रुड़की।