ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की। पश्चिमी अंबर तालाब में एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम कराया। उधर, मृतक के परिजनों ने एक दंपति पर हत्या करने का आरोप लगाया है। साथ ही पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस आरोपी दंपति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित पश्चिमी अंबर तालाब निवासी राहुल सैनी (32) पुत्र श्रीराम सैनी का आवास है। राहुल के आवास के बगल में एक मकान में सहारनपुर निवासी एक दंपति किराये पर रहता है। मंगलवार सुबह दंपति राहुल के घर आया तो शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। दंपति ने लोगों को बताया कि राहुल लहूलुहान हालत में घर में पड़ा था। उसे लेकर तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान परिजनों ने आरोप लगाया कि सहारनपुर निवासी दंपति ने उसकी हत्या की है। उसके सिर पर पीछे की ओर चोट के निशान थे। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने दंपति को हिरासत में लिया और पूछताछ के लिए कोतवाली ले गई। वहीं, पुलिस ने राहुल के परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ की। राहुल के परिजनों ने बताया कि वह चालक था। सीओ डीएस रावत ने बताया कि परिजनों की तरफ से मिली तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। दंपति से भी पूछताछ की जा रही है। जांच में जो भी सामने आएगा, उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट होंगे। उधर, पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर सिविल अस्पताल भेजकर पोस्टमार्टम कराया। आसपास के लोगों ने बताया कि राहुल अपने पीछे एक बेटा और बेटी और पत्नी छोड़ गया हैै।