ब्यूरो/अमर उजाला, भगवानपुर
चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाया। मकान के अंदर से हजारों की नकदी समेत जेवर चोरी कर लिए। पीड़ित ग्रामीण ने मकान में चोरी की तहरीर पुलिस को दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने चोरी के मामले की जांच शुरू कर दी है।
भगवानपुर क्षेत्र के सिकरौढ़ा गांव निवासी नफीस दो दिन पूर्व मकान में ताला लगाकर किसी काम से बाहर गया था। इसी बीच चोरों ने बृहस्पतिवार की रात उसके बंद पड़े मकान का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। शुक्रवार को नफीस घर पहुंचा तो ताला टूटा देख उसके होश उड़ गए। नफीस की मानें तो घर में रखे 75 हजार रुपये और जेवर चोरी हुए हैं। मकान में चोरी होने की सूचना मिलते ही आसपास के पड़ोसी भी मौके पर पहुंच गए। पीड़ित नफीस ने भगवानपुर थाने में पहुंचकर पुलिस को चोरी की घटना की जानकारी दी। साथ ही तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की। एसओ राजीव चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। साथ ही मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।