चुड़ियाला । देहात क्षेत्रों में आए दिन बिजली के तारों से आग लगने की घटनाएं हो रहीं हैं। ग्राम खेलपुर में बिजली के ढीले तारों के आपस में टकराने से निकली चिंगारी से गेहूं की फसल में आग लग गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। जब तक आग बुझ पाती किसानों की 25 बीघा फसल जलकर राख हो गई।
मंगलवार को अहसान, जव्वाद व सगीर समेत छह किसानों के खेतों में आग लग लग गई। आग को देख आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान आग बुझाने दौड़ पड़े। कुछ किसानों ने इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। सूचना पर भगवानपुर फायर स्टेशन से दमकल मौके पर पहुंची। दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। करीब 25 बीघा फसल आग लगने से राख हो गई। घटना से किसान बहुत दुखी हैं। पीड़ित किसानों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। वहीं नायब तहसीलदार कुंवरपाल सिंह का कहना है कि नुकसान की रिपोर्ट तैयार करके जिला प्रशासन को भेजी जाएगी।
खेत में पानी छोड़ फसल बरबाद करने का आरोप
बुग्गावाला(ब्यूरो)। बुधवा शहीद गांव निवासी एक व्यक्ति ने गांव के ही एक परिवार के लोगो पर उसके खेत मे गंदे नाले का पानी छोड़ने का आरोप लगाया हैं। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की हैं।
बुधवाशहीद गांव निवासी तेजपाल ने पुलिस से शिकायत कर बताया कि गांव के पास उसकी18 बीघा जमीन है। उसने इन दिनों अपने खेत में गेहूं की फसल तैयार कर रखी है। उसके खेत के पास गांव के ही रहने वाले एक व्यक्ति का खेत है। आरोप है कि मंगलवार की सुबह के समय आरोपी ने अपने दो पुत्रों के साथ उसके खेत के सामने जेसीबी मशीन लगाकर मेढ़ बनाकर उसके खेत में खड़ी गेहूं की तैयार फसल में पानी भर दिया । जिससे उसकी फसल खराब हो गई है। आरोप यह भी है कि जब उसने उसका विरोध किया तो उसने उसके साथ जमकर गाली गलौज व मारपीट की गई। जिसमें उसे चोट भी आई है। पीड़ित व्यक्ति ने बुग्गावाला पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है। बुग्गावाला थानाध्यक्ष गोविंद कुमार ने बताया है कि पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।