बुग्गावाला। पट्टे की आड़ में खनन माफिया जमकर अवैध खनन कर रहे हैं। हालत यह है कि यह न केवल मानकों से अधिक मात्रा में खनन सामग्री उठा रहे हैं। बल्कि पट्टे की सीमा से बाहर भी खनन सामग्री उठाकर रोजाना चांदी काट रहे हैं। इससे सरकार को तो राजस्व की हानि हो ही रही है साथ ही अवैध खनन से नदी गांव की ओर कटाव भी कर रही है। शिकायतों के बावजूद प्रशासन इस पर ध्यान नहीं दे रहा है।
बुग्गावाला घाड़ क्षेत्र के बंजारेवाला गांव की मोहंड रो नदी में विगत दो माह पूर्व प्रदेश सरकार ने खनन सामग्री उठाने के लिए एक पट्टा आवंटित किया था। पट्टे से ही खनन सामग्री उठाई जानी थी, लेकिन माफिया ने एक पट्टे की अनुमति पर पूरी मोहंड रो नदी पर अपना अधिकार जमा लिया है। प्रशासन की अनदेखी के चलते माफिया पट्टे में कम नदी में ज्यादा खनन कर रहे हैं। माफिया मानकों के विपरीत दिन निकलने से पहले ही नदी में उतर जाते हैं और देर रात तक अवैध खनन करते रहते हैं। जबकि नियम यह है कि सूर्य निकलने से पहले नदी में खनन शुरू किया नहीं जा सकता है और सूर्यास्त होने से पहले खनन बंद करना होता है, लेकिन माफियाओं के सामने यह मानक केवल कागजों तक सिमट कर रह गए हैं। यही नहीं एक रवन्ने पर दिनभर एक वाहन से कई कई चक्कर लगा कर स्टोन क्रशरों पर स्टॉक किया जा रहा है।
ओवरलोड वाहन तबाह कर रहे रास्ते और फसलें
खनन से लदे ओवरलोड वाहन गांवों और खेतों के रास्तों से बाहर निकाला जा रहा है। इससे गांवों के रास्ते और फसलें तबाह हो रही हैं। किसानों की शिकायत पर भी प्रशासन न अवैध खनन रोक पा रहा है और न ओवरलोड वाहनों पर अंकुश लगा पा रहा है। इससे लोगों में शासन-प्रशासन के खिलाफ रोष पनप रहा है। इस संबंध में एसओ बुग्गावाला गोविंद कुमार का कहना है कि पुलिस लगातार माफिया पर कार्रवाई कर रही है। मंगलवार दोपहर को भी अवैध खनन में एक ट्रैक्टर ट्रॉली सीज की है।