प्री-बोर्ड परीक्षा का काउंटडाउन शुरू हो गया है। परीक्षाओं के लिए छात्र-छात्राएं तैयारी में जुटे हैं। आज से जिले भर के माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में प्री-बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो जाएंगी। इन परीक्षाओं को बोर्ड परीक्षा से पहले छात्रों की तैयारी परखने का महत्वपूर्ण माध्यम माना जाता है।
जिले के सभी सरकारी व निजी स्कूलों में परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार प्रश्नपत्र तैयार कर लिए गए हैं। वहीं उत्तर पुस्तिकाओं और परीक्षा कक्षों की व्यवस्था भी पूरी कर ली गई है। शिक्षा विभाग की ओर से स्कूल प्रबंधन को परीक्षा के दौरान अनुशासन बनाए रखने और नकल मुक्त परीक्षा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
शिक्षकों के अनुसार प्री-बोर्ड परीक्षा से छात्रों को बोर्ड परीक्षा का वास्तविक अनुभव मिलता है। इससे छात्रों को अपने कमजोर विषयों की पहचान करने और अंतिम समय में सुधार का अवसर मिलता है। प्री-बोर्ड के आधार पर शिक्षकों की ओर से रिवीजन क्लास और विशेष मार्गदर्शन भी दिया गया है। परीक्षा नजदीक आते ही छात्र अंतिम समय में रिवीजन में जुटे हैं। शिक्षक सावन ने छात्रों से अपील की है कि वे तनाव से दूर रहकर परीक्षा दें, समय प्रबंधन पर ध्यान दें और पहले से पढ़े गए पाठ्यक्रम का ही दोहराव करें। उन्होंने कहा कि प्री-बोर्ड परीक्षा का उद्देश्य छात्रों को बोर्ड परीक्षा के लिए मानसिक रूप से तैयार करना है।