रुड़की चंद्रशेखर चौक पर मेयर गौरव गोयल का पुतला फूंकते पार्षद।
- फोटो : ROORKEE
नगर निगम की बोर्ड बैठक स्थगित करने से नाराज पार्षदों ने मेयर गौरव गोयल के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया। पार्षदों ने कहा कि मेयर के कारण ही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त नहीं पा रही है। उधर, कार्यसमिति की बैठक में पहुंचे कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि अगर भाजपा पार्षदों ने मेयर का पुतला फूंका है तो उनके खिलाफ अनुशासनहीनता में कार्रवाई की जाएगी।
30 जुलाई को नगर निगम बोर्ड की बैठक प्रस्तावित थी। पार्षदों ने एजेंडा भी उपलब्ध करा था। इतना ही नहीं, पार्षदों ने हड़ताल कर रहे कर्मचारियों से वार्ता कर हड़ताल वापस लेने की अपील की थी। पार्षदों ने आश्वासन दिया था कि स्थानीय स्तर से पूरी होने वाली मांगों को वह बोर्ड बैठक में रखेंगे और बोर्ड के जरिये उन्हें पूरा कराया जाएगा, लेकिन मेयर गौरव गोयल की ओर से बोर्ड बैठक स्थगित कर दी गई। इससे नाराज कई पार्षदों ने बुधवार को चंद्रशेखर चौक पर मेयर का पुतला फूंका और नारेबाजी की। इस दौरान पार्षद बेबी खन्ना, नितिन त्यागी व आशीष अग्रवाल ने कहा कि बोर्ड बैठक में कर्मचारियों की मांगों को रखा जाना था। मेयर ने बिना किसी कारण बैठक को स्थगित कर दिया है। ऐसे में हड़ताल कर रहे कर्मचारी उनसे पूछ रहे हैं कि अब उनकी मांगें कैसे पूरी होंगी। इस दौरान पार्षद मोहसिन, हेमा बिष्ट, प्रमोद पाल, धीरज, विजय रावत, हरीश शर्मा, कुलदीप तोमर मौजूद रहे। उधर, कार्यसमिति की बैठक में पहुंचे कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह से गौरव गोयल का पुतला फूूंके जाने के बारे में सवाल किया तो उन्होंने कहा कि यदि भाजपा के पार्षद मेयर का पुतला फूंक रहे हैं तो उनसे इस बारे में बात की जाएगी। पुतला फूंकने वालों पर अनुशासनहीनता में कार्रवाई की जाएगी।