रामनगर क्षेत्र में पेयजल लाइन का लीकेज तीन दिन बाद भी ठीक नहीं होने पर सोमवार को पार्षद पंकज सतीजा का गुस्सा फूट पड़ा। वो पार्षद चारू चंद के साथ जल संस्थान कार्यालय पहुंचे और वहां मौजूद ठेकेदार को खरी-खोटी सुनाई। इसके बाद उन्होंने कार्यालय में एक कर्मचारी को भी विभागीय लापरवाही पर जमकर फटकार लगाई।
पार्षद पंकज सतीजा ने बताया कि तीन दिन पहले कचहरी के कोर्ट रोड के पास नाले के नजदीक पेयजल लाइन में लीकेज हो गया था। इसकी शिकायत जल संस्थान के ठेकेदार से की गई थी। ठेकेदार ने जल्द लीकेज ठीक कराने का आश्वासन दिया था लेकिन दो दिन बीतने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। इससे रामनगर क्षेत्र में लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ा। वहीं, हजारों लीटर स्वच्छ पेयजल भी बर्बाद होता रहा। सोमवार को जब पार्षद जल संस्थान कार्यालय पहुंचे तो ठेकेदार वहां कुर्सी पर बैठा मिला। इस पर पार्षद ने नाराजगी जताते हुए उसे लापरवाही के लिए फटकार लगाई। उन्होंने कार्यालय में मौजूद कर्मचारी के प्रति भी नाराजगी जताई। पार्षद ने कहा कि शिकायत के बावजूद लीकेज ठीक नहीं होना विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से करने की बात कही।