उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आशीष सैनी ने प्रदेश सरकार से पशुपालकों के दूध का खरीद मूल्य 60 से 70 रुपये प्रति लीटर करने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण पशुपालक आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। पशु आहार, भूसे और श्रम की लागत बढ़ने के बावजूद उन्हें दूध का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में गाय के दूध का खरीद मूल्य 34 से 36 रुपये प्रति लीटर है जबकि हिमाचल प्रदेश में गाय के दूध का मूल्य 61 और भैंस के दूध का 71 रुपये प्रति लीटर है। सरकार दुग्ध प्रोत्साहन राशि चार से बढ़ाकर 6 से 10 रुपये करे। सैनी ने घस्यारी कल्याण योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने, चारे पर सब्सिडी, वन्यजीवों से पशुहानि पर त्वरित मुआवजा और पशुधन बीमा देने की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी नहीं होने पर पशुपालकों के साथ आंदोलन किया जाएगा।