छह माह से नगर पालिका बोर्ड की बैठक नहीं होने पर सभासदों ने असंतोष जताया है। नगर पालिका में निर्वाचित और शासन से नामित सभासदों ने अधिशासी अधिकारी को पत्र देकर शीघ्र बोर्ड बैठक के आयोजन की मांग की है। उन्होंने बैठक में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं को एजेंडे में शामिल किए जाने का भी अनुरोध किया है।
नगर पालिका के नौ सभासदों की ओर से अधिशासी अधिकारी को दिए गए पत्र में बताया गया कि नगर पालिका बोर्ड की पिछली बैठक छह मार्च को हुई थी। इसके बाद से बीते छह माह में पालिका बोर्ड की बैठक आयोजित नहीं की गई है। नगर में कई विकास कार्यों के प्रस्ताव, पालिका परिसंपत्तियों को लेकर चर्चा, भुगतान, विकास कार्यों पर चर्चा होनी आवश्यक है।
सभासदों ने बताया कि नियमानुसार माह में कम से कम एक बार बोर्ड बैठक होना आवश्यक है लेकिन नगर पालिका में छह माह में बोर्ड बैठक आयोजित नहीं हुई है। उन्होंने ईओ से शीघ्र बोर्ड बैठक आयोजित किए जाने का अनुरोध किया। पत्र भेजने वालों में शासन से नामित सभासद विकास खटाना, निर्वाचित सभासद नीलम देवी, पूजा, अरविंद कुमार, सचिन कुमार, अंकुर कुमार, जुल्फकार और हरि सिंह शामिल हैं।