भारतीय किसान यूनियन रोड़ गुट के प्रदेश अध्यक्ष पदम सिंह रोड़ ने कहा कि चकबंदी विभाग में बड़ा भ्रष्टाचार व्याप्त है। चार किसानों को मृत दर्शाकर किसी दूसरे के नाम उनकी जमीन कर दी गई है। भ्रष्टाचार के खिलाफ आरपार की लड़ाई लड़ी जाएगी। इसके लिए तहसील में महापंचायत बुलाई गई है, जिसमें बड़ी संख्या में किसान भाग लेंगे।
रविवार को प्रशासनिक भवन में आयोजित बैठक में पदम सिंह रोड़ ने कहा कि जिले में किसानों की हालत बेहद खराब हो चुकी है। किसान की कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है। केल्हणपुर गांव में चार किसानों को मृत दिखाकर उनकी जमीन दूसरों के नाम कर दी गई है। इसी तरह से 25-25 साल से किसान चकबंदी के मुकदमे लड़ रहे हैं। बावजूद इसके, चकबंदी विभाग के अधिकारी किसानों की समस्या का हल नहीं कर रहे हैं। जिलाध्यक्ष नाजिम अली ने कहा कि किसानों से जुड़े महकमों का भ्रष्टाचार किसी से छिपा नहीं है। चकबंदी एवं ऊर्जा निगम ने किसानों का उत्पीड़न कर रखा है, जिसे बरदाश्त नहीं किया जाएगा। जिला उपाध्यक्ष मुबारिक अली ने कहा कि सोमवार को तहसील में होने वाली महापंचायत में पूरे जिले से बड़ी संख्या में किसान भाग लेंगे। इस दौरान जसवीर सिंह, रामदास और प्रदीप त्यागी आदि मौजूद रहे।