कोरोना वायरस अब कोरोना योद्धा पुलिसकर्मियों को भी तेजी से अपनी चपेट में ले रहा है। जिले में गंगनहर, ज्वालापुर कोतवाली और बहादराबाद के बाद भगवानपुर थाने में कोरोना का कहर बरपा है। यहां तैनात दो दरोगा और पांच पुलिसकर्मियों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है, जिससे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। ऐहतियात के तौर पर भगवानपुर थाने और मंडावर पुलिस चौकी को बैरिकेडिंग लगाकर पाबंद कर दिया गया है। अब दोनों जगहों के काम काली नदी पुलिस चौकी से होंगे। वहीं, इन पुलिसकर्मियों के संपर्क में आने वाले स्टाफ और अन्य लोगों को चिह्नित किया जा रहा है।
कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए सभी थानों और कोतवाली में तैनात पुलिसकर्मियों के कोरोना टेस्ट कराए जा रहे हैं। इसी कड़ी में 25 जुलाई को भगवानपुर थाने में 18 पुलिसकर्मियों के सैंपल लिए गए थे। बुधवार देर रात इनकी रिपोर्ट आई, जिसमें दो दरोगा और पांच पुलिसकर्मी पॉजिटिव निकले, जबकि 11 पुलिसकर्मियों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। देर रात सात पुलिसकर्मियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर भगवानपुर से लेकर हरिद्वार तक विभाग में हड़कंप मच गया।
रात में ही स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पॉजिटिव पुलिसकर्मियों को हरिद्वार के कोविड केयर सेंटर में भर्ती कराया। वहीं, भगवानपुर थाने और मंडावर पुलिस चौकी को सुबह बैरिकेडिंग लगाकर पूरी तरह पाबंद कर दिया गया। किसी की भी आवाजाही पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने थाने और पुलिस चौकी को सैनिटाइज किया। इसके अलावा अब थाने और मंडावर चौकी के पुलिस से संबंधित सभी कार्य काली नदी पुलिस चौकी में होंगे। एसपी देहात एसके सिंह ने बताया कि ऐहतियात के तौर पर अब काली नदी पुलिस चौकी पर फरियादियों की सुनवाई होगी और सभी कार्य यहीं से होंगे।
--
एसओ समेत 38 पुलिसकर्मी क्वारंटीन
भगवानपुर थाने में तैनात दो दरोगा, मंडावर पुलिस चौकी में तैनात तीन पुलिसकर्मियों और चेतक पर चल रहे दो पुलिसकर्मियों के कोरोना पॉजिटिव आने पर इनके संपर्क में आने वालों को बृहस्पतिवार को चिह्नित किया गया। एसपी देहात एसके सिंह ने बताया कि इनके संपर्क में आने वाले एसओ संजीव थपलियाल, छह दरोगाओं और 31 पुलिसकर्मियों को ऐहतियात के तौर पर क्वारंटीन कर दिया गया है। इन सभी के सैंपल लेकर जांच को भेजे जाएंगे। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की मदद से पॉजिटिव आने वालों के संपर्क में रहे लोगों को स्वास्थ्य विभाग चिह्नित कर रहा है।
--
मंडावर चौकी पर तैनात थे पांच पुलिसकर्मी
सात पुलिसकर्मियों के पॉजिटिव पाए जाने बाद आशंका जताई जा रही है कि ये सभी किसी पॉजिटिव के संपर्क में आए होंगे। आशंका जताई जा रही है कि पुलिस चौकी पर तैनात पुलिसकर्मी बाहर से आने वाले लोगों की चेकिंग के दौरान पॉजिटिव के संपर्क में आए होंगे। इसके बाद यह लोग कोरोना पॉजिटिव हुए हैं। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि ऐसा कौन सा व्यक्ति पॉजिटिव था, जिनके संपर्क में ये लोग आए हैं। इसकी बारीकी से जांच की जा रही है।
--
दूसरी कोतवाली और थानों से भेजा स्टाफ
भगवानपुर थाने में सात पुलिसकर्मियों के कोरोना पॉजिटिव आने और 37 पुलिसकर्मियों के क्वारंटीन होने के बाद पुलिस विभाग के सामने यहां कानून व्यवस्था कायम रखना बड़ी चुनौती बन गया है। ऐसे में अब अलग-अलग थाने और कोतवाली से भगवानपुर में पुलिस स्टाफ भेजने की तैयारी शुरू कर दी गई है। एसपी देहात एसके सिंह ने बताया कि भगवानपुर में दूसरे थानों से स्टाफ भेजा जा रहा है। ताकि वहां पर कानून व्यवस्था पटरी से न उतरे। ऐहतियात के तौर पर सभी पुलिसकर्मियों के सैंपल भी लिए जा रहे हैं।
--
मंगलौर के तांशीपुर में एक ही दिन में 34 मामले
कोरोना का प्रकोप शहर से लेकर देहात तक बढ़ता जा रहा है। रुड़की, मंगलौर, भगवानपुर और कलियर में बृहस्पतिवार को एक ही दिन में 46 नए मामले सामने आए हैं। रुड़की के बेलड़ा गांव में पांच, विश्वकर्मा चौक निवासी दो, इमलीखेड़ा पीएचसी का एक कर्मचारी, भगवानपुर में सीएचसी के एक कर्मचारी समेत तीन अन्य लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। वहीं, मंगलौर के तांशीपुर गांव में एक ही दिन में 34 ग्रामीणों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने से स्वास्थ्य विभाग और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। पूरे गांव को पाबंद कर दिया गया है। ग्रामीणों को होम क्वारंटीन रहने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग इनके संपर्क में आने वाले लोगों को चिह्नित कर रहा है, जो एक बड़ी चुनौती साबित हो रही है। फिलहाल, इन सभी को हरिद्वार, मंगलौर और रुड़की के अलग-अलग कोविड केयर सेंटर में भर्ती कराया गया है।
--
रुड़की और देहात क्षेत्र में 72 कंटेनमेंट जोन
रुड़की और देहात में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण ने पुलिस-प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। रोजाना कोरोना केसों में हो रही बढ़ोतरी से कंटेनमेंट जोन भी बढ़ रहे हैं। इस बीच कंटेनमेंट जोन में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी और स्वास्थ्यकर्मियों के पॉजिटिव आने से चिंता और बढ़ गई है। रुड़की और देहात क्षेत्र में बृहस्पतिवार तक 72 कंटेनमेंट जोन बन चुके हैं। इन कंटेनमेंट जोन में अब पुलिसकर्मियों की तैनाती करना भी पुलिस विभाग के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से घरों में रहने की अपील की है।