बढ़ती गर्मी और तापमान के बीच ऊर्जा निगम पूरी तरह सतर्क हो गया है। बिजली घरों और ट्रांसफार्मरों को ओवर हीटिंग से बचाने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। इसी क्रम में निगम ने निर्णय लिया है कि प्रमुख बिजलीघरों में कूलर लगाए जाएंगे ताकि उपकरणों का तापमान नियंत्रित रखा जा सके और आपूर्ति बाधित न हो।
पिछले साल सोलानीपुरम, धनौरी, कलियर, ब्रह्मपुर और बिजली घर नंबर-6 में लगे ट्रांसफार्मर अत्यधिक गर्मी के कारण ओवरहीट हो गए थे जिससे आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हुई थी। इस बार ऐसी स्थिति से बचने के लिए पहले से ही तैयारी शुरू कर दी गई है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी संवेदनशील बिजलीघरों की नियमित निगरानी की जाए और जहां जरूरत हो वहां अतिरिक्त कूलिंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
ऊर्जा निगम की ओर से बिजली आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए लाइन लॉस, फाल्ट और लोड मैनेजमेंट पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अधीक्षण अभियंता विवेक राजपूत ने बताया कि गर्मी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए सभी बिजली घरों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ट्रांसफार्मरों को ओवरहीट होने से बचाने के लिए करीब 50 कूलर और अन्य आवश्यक उपकरण लगाए जाएंगे। हमारी प्राथमिकता है कि उपभोक्ताओं को बिना बाधा के बिजली आपूर्ति मिले और किसी भी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि फील्ड स्तर पर टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। पूर्व में एक ट्रांसफार्मर पर दो-दो कूलर लगाए गए थे।