विद्युत लाइनों पर आ रहे पेड़ और टहनियों की लाॅपिंग-चाॅपिंग के कार्य के कारण लक्सर बिजलीघर से जुड़े नगर सहित देहात क्षेत्र के दर्जनों गांवों में विद्युत आपूर्ति छह घंटों तक बाधित रही। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। विभाग की ओर से जारी की गई सूचना के अनुसार 30 अक्तूबर तक कार्य के कारण अलग - अलग क्षेत्र में आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
ऊर्जा निगम की ओर से इन दिनों विद्युत लाइनों पर आ रहे पेड़ों की लाॅपिंग - चाॅपिंग का कार्य कराया जा रहा है। विभाग की ओर से संबंधित इलाकों में विद्युत आपूर्ति बंद रहने की सूचना जारी की गई थी। बुधवार को कार्य के कारण नगर के सीमली, गोवर्धनपुर मार्ग, शिवपुरी, केशव नगर, सोसायटी मार्ग, मालगोदाम रोड आदि इलाकों के अलावा बिजलीघर से जुड़े देहात क्षेत्र के दर्जनों गांवों में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक विद्युत आपूर्ति बंद रही। लगातार छह घंटों तक बिजली आपूर्ति नहीं होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। ऊर्जा निगम के एसडीओ अमीचंद ने बताया कि निर्बाध आपूर्ति के लिए विद्युत लाइनों पर आ रही टहनियों को हटाया जा रहा है। आपूर्ति बाधित रहने के संबंध में उपभोक्ताओं को पहले ही सूचना दी गई है। कार्य पूरा होने पर आपूर्ति सुचारु करा दी गई।