लक्सर में रुड़की मार्ग का निर्माण कार्य शुरु करवाते सांसद प्रतिनिधि व विभाग के अधिकारी।
- फोटो : ROORKEE
हवन-पूजन के साथ बृहस्पतिवार को लक्सर-रुड़की स्टेट हाईवे का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। इस बार सड़क की चौड़ाई 15 मीटर होगी और यह डबल लेन का बनाया जाएगा।
लक्सर-रुड़की मार्ग की हालत बेहद खराब है। इससे लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कुछ दिनों पहले केंद्र सरकार की ओर से केंद्रीय सड़क निधि से इसके निर्माण के लिए बजट जारी किया गया था। लोक निर्माण विभाग की ओर से टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद 29 जनवरी को केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने लक्सर में इसका शिलान्यास भी किया था। बृहस्पतिवार को लक्सर-रुड़की तिराहे से सड़क के निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया।
सांसद प्रतिनिधि जितेंद्र चौधरी ने नारियल तोड़कर निर्माण कार्य की शुरुआत की। कार्यदायी संस्था के कंसलटेंट विकास शर्मा ने बताया कि वर्तमान में सड़क की चौड़ाई 12 मीटर है, लेकिन इस बार पक्की सड़क को सात मीटर से बढ़ाकर 10 मीटर का बनाया जाएगा। यह मार्ग अब सिंगल की जगह डबल लेन का बनेगा। उन्होंने बताया कि सड़क के दोनों ओर कच्ची पटरी भी होगी। इस दौरान सीनियर इंजीनियर सूरज सिंह, अमित कुमार, देवेंद्र कुमार, जसवीर सिंह खटाना, अरुण कुमार, मोहम्मद इकबाल, दीपांशु चौधरी मौजूद रहे।