लाखों रुपये का बिल जमा नहीं करने पर ऊर्जा निगम की ओर से छह फैक्ट्रियों की बिजली गुल कर दी गई। ऊर्जा निगम के एसडीओ सजल कुमार के नेतृत्व में चले अभियान के दौरान औद्योगिक क्षेत्रों में हड़कंप मच गया।
औद्योगिक क्षेत्रों में सैकड़ों की संख्या में फैक्ट्रियां लगी हैं, लेकिन कई फैक्ट्रियों की ओर से ऊर्जा निगम का बिल जमा नहीं किया जा रहा है। जिससे नोटिसों के बावजूद भी बिल जमा नहीं करने वाली फैक्ट्रियों के खिलाफ मंगलवार को एसडीओ सजल कुमार के नेतृत्व में विद्युत कनेक्शन काटने का अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान भगवानपुर, रायपुर एवं पुहाना की छह फैक्ट्रियों के विद्युत कनेक्शन काट दिए गए। इन फैक्ट्रियों में पानी की बोतलें एवं गत्ता आदि बनाने का कार्य किया जाता है। एसडीओ के अनुसार इन फैक्ट्रियों पर करीब 15 लाख रुपये का बिल बकाया चल रहा था, लेकिन कंपनी प्रबंधन नोटिसों के बावजूद भी बिल जमा नहीं कर रहे थे। जिससे यह कार्रवाई करनी पड़ी। इसके अलावा निगम की ओर से चुड़ियाला, भगवानपुर और बुग्गावाला आदि क्षेत्रों में घरेलू एवं नलकूप के भी करीब 50 विद्युत कनेक्शन काट दिए गए। एसडीओ सजल कुमार ने बताया कि बिल जमा नहीं वालों के खिलाफ विद्युत कनेक्शन काटने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।