हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद सामने आए कथित शुद्धिकरण प्रकरण को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को रुड़की में प्रदर्शन किया। झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाती के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सैकड़ों वाहनों से रुड़की पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने एसपी देहात कार्यालय पहुंचकर तहरीर दी और मामले में मुकदमा दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
कार्यकर्ता अब्दुल कलाम चौक पर एकत्र हुए और वाहनों के काफिले के साथ एसबीआई रोड पहुंचे। यहां से पैदल जुलूस निकालते हुए एसपी देहात कार्यालय पहुंचे और भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं मंगलौर विधायक काजी निजामुद्दीन ने आरोप लगाया कि भाजपा आज भी दलित विरोधी मानसिकता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि खरगे का कथित अपमान केवल एक व्यक्ति का नहीं बल्कि संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान है। विधायक वीरेंद्र जाती ने कहा कि खड़गे एससी समाज के बड़े नेता हैं और उनके कार्यक्रम के बाद कथित शुद्धिकरण बेहद निंदनीय है। कांग्रेस ओबीसी विभाग के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. गौरव चौधरी ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सामाजिक भेदभाव किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।