कांग्रेस ने रुड़की में भाजपा से निपटने के लिए उसका दांव उसी पर चल दिया है। पार्टी से बागी प्रदीप बत्रा से निपटने के लिए कांग्रेस ने भाजपा के बागी सुरेश चंद जैन को टिकट दे दिया है। कांग्रेस के इस सियासी दांव से रुड़की सीट पर मुकाबला रोचक हो गया है।
कांग्रेस से बागी होकर भाजपा में शामिल हुए प्रदीप बत्रा और कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन को पार्टी ने विधानसभा चुनाव में अपना प्रत्याशी बनाया है। इनमें हरीश रावत को झटका देने वाले प्रणव को खानपुर तो रुड़की में प्रदीप बत्रा को चुनावी समर में उतारा है। भाजपा में बागियों को टिकट देने से क्षेत्र की सियासत गरमा गई थी। खानपुर में तो प्रणव को टिकट देने का कोई विरोध नहीं हुआ था। लेकिन, रुड़की में जैन समर्थकों ने मोदी के पुतले फूंकने के साथ ही भाजपा के झंडे तक जला दिए। बाद में रुड़की से मैदान में उतरने के लिए सुरेश चंद जैन ने दिल्ली में कांग्रेस का दामन थाम लिया। पार्टी हाईकमान ने दो दिन बाद उन्हें रुड़की से टिकट देकर भाजपा से बगावत का इनाम भी दे दिया। पर अब देखने वाली बात यह होगी कि अपनी ही पार्टी से बगावत करने वाले दोनों बागी किस पर भारी पड़ते हैं। कांग्रेस से आए प्रदीप बत्रा भाजपा का कमल खिलाते हैं या फिर सुरेश चंद्र जैन हाथ को मजबूत करते हैं।