लक्सर। सोमवार को लक्सर और खानपुर ब्लाक में त्रिस्तरीय पंचायत का पहले चरण का चुनाव कई पोलिंग बूथों पर मामूली नोकझोंक के साथ शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। दोनों ब्लाकों में मतदाताओं ने उत्साह दिखाया। लक्सर ब्लाक के 71 मतदान केंद्रों पर 89 प्रतिशत और खानपुर ब्लाक के 29 मतदान केंद्रों पर 91 प्रतिशत वोट डाले गए। चुनाव के दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से चाक चौबंद व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे।
जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण का मतदान सोमवार को लक्सर और खानपुर ब्लॉक में हुआ। इस दौरान युवाओं से लेकर वृद्ध महिलाओं और पुरुषों ने भी भारी उत्साह दिखाया। लक्सर ब्लाक में चुनाव के लिए 71 मतदान केंद्रों पर 207 पोलिंग बूथ बनाए गए थे। यहां कुल मतदाताओं की संख्या 1,14,711 थी। रात तक चले मतदान के दौरान इनमें से 1,02,092 वोटर्स ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। यहां मतदान का प्रतिशत 89 रहा।
जबकि खानपुर ब्लॉक में चुनाव के लिए 29 मतदान केंद्रों पर 66 पोलिंग बूथ बनाए गए थे। यहां कुल 35962 मतदाताओं में से 32725 लोग वोटिंग करने पहुंचे। यहां मतदान का प्रतिशत 91 रहा। दोनों ब्लाकों में छिटपुट नोकझोंक के बीच मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। मतदान के दौरान जिलाधिकारी हरबंश सिंह चुघ, एसएसपी सैंथिल अबुदई कृष्णराज एस के अलावा एडीएम, सीडीओ, एसपी सीटी व एसपी देहात ने भी केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। चुनाव अधिकारी मोहित चौधरी ने बताया कि दोनों ब्लाकों में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।