वन विभाग की भूमि पर अतिक्रमण करने का मामला
तहसील लक्सर के 15 गांव और वन विभाग की भूमि पर अवैध कब्जे को लेकर हुई बैठक बेनतीजा रही। वन विभाग की ओर से बैठक में पूरे दस्तावेज नहीं ले जाने की वजह से कब्जे वाली भूमि को चिह्नित नहीं किया जा सका। इसके चलते वन विभाग और तहसील अधिकारियों के बीच हुई यह बैठक बेनतीजा रही।
वन विभाग की ओर से लक्सर तहसील प्रशासन से शिकायत कर बताया गया था कि लक्सर तहसील के 15 गांव में ग्रामीणों ने वन विभाग की भूमि पर अवैध कब्जा किया हुआ है। इस कब्जा मुक्त कराया जाना है। शुक्रवार को तहसील के अधिकारियों और वन विभाग के अधिकारियों के बीच बैठक बुलाई गई थी। इस बैठक में तहसील प्रशासन वन विभाग के दस्तावेजों के साथ अपने दस्तावेजों का मिलान करता। इसके बाद कब्जा भूमि को चिह्नित किया जाना था लेकिन वन विभाग की टीम पूरे दस्तावेज लेकर नहीं आई। इसके चलते कब्जे वाली भूमि को चिह्नित नहीं किया जा सका। लक्सर तहसीलदार प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि वन विभाग की टीम पूरे दस्तावेज लेकर नहीं पहुंची थी। अब 18 अक्तूबर को दोबारा वन विभाग को दस्तावेज के साथ बुलाया गया है। वहीं लक्सर वन रेंजर यशपाल राठौर ने बताया कि कुछ दस्तावेज नहीं थे। दोबारा बुलाई गई बैठक में सभी दस्तावेजों का मिलान कराया जाएगा।