लक्सर मार्ग पर सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत से गुस्साये परिजन एवं ग्रामीणों ने रात भर कनखल थाने में हंगामा काटा। वे आरोपी चालक को उनके हवाले कर देने की मांग कर रहे थे। तनाव के दृष्टिगत पुलिस ने चालक को गुप्त स्थान पर शिफ्ट कर सुरक्षित किया।
सुबह के वक्त भी ट्रक को कब्जे में लेने के दौरान पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी। बृहस्पतिवार देर रात बुड्ढी माता मोड़ के पास खनिज सामग्री से लदे एक ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार रवि पुत्र विनोद एवं महकार पुत्र चरण सिंह निवासीगण पुरुषोत्तम नगर पथरी की जान ले ली थी। वे अपने परिचित से मिलने एक अस्पताल में जा रहे थे। देर रात बड़ी संख्या में एकत्र होकर पहुंचे ग्रामीणों ने कनखल थाने में हंगामा खड़ा कर डाला। वे मांग कर रहे थे कि चालक को उनके हवाले कर दिया जाए।
इधर, पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से चालक को दूसरे स्थान पर शिफ्ट कर दिया।
लेकिन ग्रामीण लगातार हंगामा करते रहे। सुबह के वक्त जब पुलिस ने दुर्घटनास्थल पर खड़े ट्रक को कब्जे में लेना चाहा तब भी ग्रामीणों का विरोध झेलना पड़ा। एसआई भगतदास ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया। तब कहीं जाकर ट्रक को कब्जे में लिया जा सका। इधर, पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। एसआई भगतदास ने बताया कि मृतक महकार के भाई राजन की ओर से दुर्घटना का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।