पनियाला रोड स्थित गंगोत्री कुंज कॉलोनीवासी नगर निगम की उपेक्षा के कारण बदहाल जीवन जीने को मजबूर हैं। लोगों का आरोप है कि पानी की उचित निकासी न होने से दो वर्षों से सड़क पर जलभराव हो रहा है। इस कारण यहां प्रधानमंत्री के स्वच्छता अभियान की उपेक्षा होती नजर आ रही है।
गंगोत्री कुंज के लोग दो वर्षों से विधायक, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की एवं नगर निगम अधिकारियों से कई बार मौखिक व लिखित प्रार्थना देकर समस्या के समाधान की अपील कर चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। सड़क पर हो रहे जलभराव से कॉलोनी में संक्रामक रोगों के फैलने का खतरा बना हुआ है। कॉलोनीवासियों ने बताया कि उनका मोहल्ला वैसे तो नगर निगम में आता है, लेकिन विधानसभा क्षेत्र पिरान कलियर है। अब कॉलोनीवासियों ने केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत एवं शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक को पत्र भेजकर मोहल्ले की सड़क एवं नालियां बनवाने की मांग की है। शिकायत करने वालों में नॉर्दन रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य प्रदीप त्यागी, लाखन सिंह पंवार, पदम सिंह गुर्जर, प्रिंस त्यागी, डॉ नरेश चंद्र चमोली, दलबीर रावत, ममता जोशी, अतुल त्यागी, सेवाराम त्यागी, अरुण गोयल, शिशुपाल यादव, हंसराज शर्मा, मनोज चौधरी, विपिन चौधरी, सतीश कुंजा, राजेंद्र सिंह, सुखबीर त्यागी, देवांश त्यागी, निरंजन सिंह, देवेंद्र आदि शामिल है।