फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कॉलेजों से जुटाया जा रहा संदिग्धों का रिकॉर्ड

Mon, 25 Jan 2016 12:12 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
विज्ञापन
विज्ञापन
रुड़की। आतंकी साजिश के शक में पिछले दिनों गिरफ्तार चारों युवकों में अखलाकुर्रहमान (अखलाक) सालियर गांव के एक पॉलीटेक्निक इंस्टीट्यूट और मेहराज हरिद्वार के ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज का छात्र है। जबकि अजीम और ओसामा कस्बे के ही एक डिग्री कॉलेज में बीए के छात्र हैं। खुफिया विभाग चारों छात्रों के कॉलेज का रिकॉर्ड भी खंगाल रहा है। कॉलेज प्रबंधन के अलावा छात्रों को पढ़ाने वाले शिक्षकों और सहपाठियों से आईबी पूछताछ कर सकती है। गौरतलब है कि आईबी की एक टीम ने 19 जनवरी को रुड़की देहात से आतंकी गतिविधियों के शक में चार युवकों को गिरफ्तार किया है।
विज्ञापन

उम्मीद की जा रही है कि दिल्ली से आईबी समेत अन्य खुफिया एजेंसियां किसी भी समय एक बार फिर रुड़की देहात क्षेत्र का रुख कर सकती हैं। चारों युवकों की गिरफ्तारी के तीसरे दिन टीम दो युवकों को लेकर लंढौरा पहुंची थीं। बताया जा रहा है कि अब बाकी दो युवकों को ठिकानों की तस्दीक के लिए लाया जाएगा।

दीनी तालीम मदरसे के छात्रों की सूची तलब
मंगलौर। आतंक की साजिश रचने के शक में क्षेत्र के चार युवकों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की नजर अब मदरसों पर टिक गई है। रविवार को पुलिस ने नगर के सबसे बड़े दीनी तालीम मदरसे की जांच पड़ताल कर छात्रों की सूची तलब की। आईएस के आतंकी मॉड्यूूल का पर्दाफाश होने के बाद पुलिस ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। पुलिस ने छात्रों एवं मदरसों में पढ़ाने वालों का सत्यापन अभियान शुरू कर दिया है। नगर पुलिस ने सुबह मोहल्ला किला स्थित सबसे बड़े मदरसे में जांच पड़ताल की। इस मदरसे में काफी बाहरी छात्र पढ़ाई करते हैं। नगर पुलिस चौकी प्रभारी कैलाश बिष्ट ने मदरसा प्रबंधन से छात्रों की सूची तलब की। सूची के आधार पर छात्रों के सत्यापन का काम किया जाएगा। उन्होंने मदरसा प्रबंधन को कई सख्त दिशा-निर्देश जारी किए।
विज्ञापन


गांव में चुप्पी और सन्नाटा
लंढौरा। गिरफ्तार चार युवकों की निशानदेही पर माचिस की तीलियों के मसाले की पोटली और नगदी बरामद होने के बाद अब चारों के गांवों में चुप्पी और सन्नाटा छाया हुआ है। आईबी के दो संदिग्धों को लेकर लौटने से पहले तक गांव व कस्बे में गहमा-गहमी का माहौल था। लेकिन अब गलियों में सन्नाटा पसरा हुआ है।
आईबी की कार्रवाई से पहले लंढौरा समेत भगवानपुर चंदनपुर और जौरासी के लोगों ने कभी सपने में भी नहीं सोचा होगा कि उनके गांव- कस्बे से आतंक का कनेक्शन जुड़ सकता है। 19 जनवरी को अखलाक, मेहराज, अजीम व ओसामा की गिरफ्तारी के बाद परिजनों के अलावा आसपास के लोग भी उनकी बेगुनाही की दलीलें दे रहे थे। आईबी ने भले ही पुख्ता सुराग जुटाने के बाद चारों को गिरफ्तार किया, लेकिन परिजन और आसपास के लोग यह मानने को कतई तैयार नहीं थे कि पढ़ने लिखने वाले चार युवक ऐसी साजिश रचने की तैयारी में थे।  आईबी की टीम गिरफ्तारी के तीसरे ही दिन मेहराज और अजीम को कस्बे में लेकर पहुंची और जंगल में दबाई गई माचिस की तीलियों के मसाले की पोटली (बारूद) और घर से 38 हजार रुपये बरामद कराए। खुफिया एजेंसियों के लिए यह ठोस सुबूत हैं। सरफराज के परिजनों ने टीम पहुंचने पर विरोध जरूर किया, लेकिन अब चारों युवकों को लेकर चुप्पी छाई हुई है। गांव की गलियों में सन्नाटा पसरा हुआ है। उनके रिश्तेदार जरूर ढांढस बंधाने के लिए लगातार घर पहुंच रहे हैं।

संपत्ति का जुटाया जा रहा ब्यौरा
पकड़े गए चारों युवकों के परिवारों की संपत्ति का ब्यौरा भी जुटाया जा रहा है। खुफिया एजेंसियों के मुताबिक आतंकी साजिश के लिए युवकों को पहली किश्त भी भेजी जा चुकी थी। अखलाक के घर पर निर्माण कार्य भी कुछ दिन पहले शुरू हुआ है। कई आशंकाओं को देखते हुए खुफिया विभाग चारों के परिवारों की संपत्ति का ब्यौरा जुटा रही है।

ट्रेनें खंगाली, डॉग स्क्वॉयड भी उतारे
रुड़की। आतंक की साजिश रचने के शक में 19 जनवरी को क्षेत्र के चार युवकों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस और खुफिया विभाग ज्यादा सतर्क हो गया है। गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) को देखते हुए सतर्कता और बढ़ा दी गई है। शनिवार रात और रविवार दिनभर आरपीएफ और जीआरपी ने जगह-जगह सघन चेकिंग अभियान चलाया। जहां एक ओर ट्रेनों को खंगाला गया वहीं पुलिस ने बार्डर से लेकर तमाम संपर्क मार्गों पर वाहनों की चेकिंग की। आपत्तिजनक वस्तुओं की पहचान के लिए रेलवे स्टेशन पर डॉग स्क्वॉयड की भी मदद ली गई।

ट्रैक और पुलों के पास बढ़ाई गश्त
रुड़की/लक्सर। शनिवार देर रात रुड़की और लक्सर रेलवे स्टेशन पर दर्जनभर से अधिक ट्रेनों में डाग स्क्वॉयड को साथ लेकर जीआरपी और आरपीएफ ने चेकिंग की। रुड़की और लक्सर रेलवे स्टेशन पर कोलकाता जम्मूतवी, देहरादून अमृतसर एक्सप्रेस, बरोनी एक्सप्रेस, किसान एक्सप्रेस और हावड़ा एक्सप्रेस सहित दर्जनभर से अधिक एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों में भी यात्रियों के सामान की बारीकी से जांच की । इस दौरान आरपीएफ निरीक्षक प्रमोद कुमार अवस्थी, उपनिरीक्षक खलील अहमद, चौकी प्रभारी रामबाबू सिंह, जीआरपी थानाध्यक्ष मोतीराम शर्मा, चौकी प्रभारी अमित कुमार आदि शामिल रहे। सुरक्षा के मद्देनजर रेलवे ट्रैक एवं रेलवे पुलों पर गश्ती दलों की संख्या बढ़ा दी है। आरपीएफ प्रभारी प्रमोद अवस्थी ने बताया कि ट्रैक और पुलों की 24 घंटे निगरानी की जा रही है। लक्सर-रुड़की मुख्य मार्ग के बीच पड़ने वाले सोलानी के पुल पर पुलिस ने पूरी रात पुलिस ने वाहनों की चेकिंग की। इस दौरान पुलिस ने ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं करने पर चालकों से करीब साढ़े तीन हजार का जुर्माना भी वसूला।

यात्रियों के सामान की जांच
बुग्गावाला। उत्तर प्रदेश से सटा क्षेत्र बुग्गावाला में दिल्ली देहरादून हाइवे पर दौड़ रहे वाहनों को रोककर पुलिस यात्रियों के सामान की जांच की गई। संदिग्ध दिखने वाले कई लोगों से पूछताछ की गई। इसके अलावा उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड सीमा पर भी चेकिंग अभियान चलाया। थाना प्रभारी भगवान मेहर ने बताया की इस दौरान पुलिस ने दुपहिया व चार पहिया वाहनों की चेकिंग की। सभी यात्रियों का सामान भी चेक किया। बताया की गणतंत्र दिवस को मद्देनजर क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

खानपुर और मंडावर में संयुक्त अभियान
खानपुर। बालावाली यूपी बार्डर पर खानपुर और मंडावर पुलिस ने संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया। एक-एक वाहन व वाहन स्वामी  की तलाशी के बाद वाहन छोड़े। खानपुर थानाध्यक्ष सुंदरम शर्मा ने बताया कि बार्डर पर बदमाशों की सक्रियता को देखते हुए चेकिंग अभियान चलाया। रेलवे पुल से गुजरने वाले प्रत्येक वाहन और वाहन स्वामी की तलाशी के बाद छोड़ा जा रहा है। इस दौरान मंडावर थानाध्यक्ष वीरेश कुमार, उपनिरीक्षक रघुवीर चौधरी समेत कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें