- भव्य कार्यक्रम आयोजित कर लोकार्पण कार्यक्रम संपन्न करने की तैयारी
- एचआरडीए की ओर से एक दिन पूर्व पूरी कर ली गई अयोजन की व्यवस्था
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जिले में विभिन्न मदों से नवनिर्मित कई योजनाओं का शिलान्यास शुक्रवार (आज) को करेंगे। इसमें मुख्य रूप से खनन न्यास निधि से बने सिटी स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स समेत कुल 239 योजनाएं शामिल हैं। कुल 54 करोड़ 31 लाख 55 हजार रुपये की लागत से तैयार योजनाओं के लोकार्पण से आमजन को इसका लाभ मिलने लगेगा।
भल्ला स्टेडियम स्थित नवनिर्मित सिटी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, खनन न्यास निधि एवं नगर निकायों के विकास कार्यों के शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारी में विभाग पूरे दिन जुटे रहे। सीएम के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने भी पूरा खाका तैयार किया है।
मध्य शहर से ही सीएम खनन न्यास निधि से कराए जाने वाली कुल 50 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें मुख्य रूप से 8 करोड़ 88 लाख की लागत से राजकीय प्राथमिक विद्यालय, सालियर को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने की योजना है। इसी तरह हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण एचआरडीए से कराए गए कार्यों में मुख्य रूप से भल्ला स्थित नवनिर्मित सिटी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स एवं मां मंशा देवी स्वागत द्वार का विकास कार्य भी शामिल है।
सिटी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के तहत जो कार्य कराए गए हैं, उनमें क्रिकेट प्रैक्टिस पिच एवं बॉक्स क्रिकेट को 236.51 लाख से तैयार किया गया है। इसी तरह लॉन टेनिस कोर्ट जिसकी लागत 307.75 लाख है। फुटसल कोर्ट की लागत 165.00 लाख, स्क्वैश कोर्ट एवं जिम की कुल लागत 976.74 लाख बताई गई है। बैडमिंटन कोर्ट को 742.93 लाख से तैयार किया गया है। मां मंशा देवी स्वागत द्वार का निर्माण कार्य 20.00 लाख रुपये से किया गया है। 21 करोड़ 16 लाख की इन योजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा।
इसी तरह जिले के विभिन्न निकायों में कुल 183 योजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। इनकी कुल लागत 24 करोड़ 27 लाख 55 हजार रुपये स्वीकृत है।
-
खेल सुविधाओं का केंद्र बनेगा सिटी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स
एचआरडीए के उपाध्यक्ष अंशुल सिंह ने कहा कि आने वाले दिनों में सिटी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स न केवल स्थानीय नागरिकों के लिए खेल सुविधाओं का केंद्र बनेगा, बल्कि आगामी राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के मद्देनजर यह उत्तराखंड के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह कॉम्प्लेक्स खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करेगा और हरिद्वार को राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के लिए एक उपयुक्त स्थल बनाएगा। स्थानीय स्तर पर जनसुविधाओं का सुधार, शिक्षा, और आधारभूत ढांचे के विकास से हर नागरिक को लाभ मिलेगा।उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से हरिद्वार को एक स्मार्ट और प्रगतिशील शहर के रूप में विकसित किया जा रहा है, जो न केवल पर्यटन का केंद्र होगा, बल्कि रोजगार और विकास का भी स्रोत बनेगा।