संदिग्ध हालात में लापता युवक का चार दिन बाद भी कोई सुराग नहीे मिल पाया है। यही नहीं युवक की तलाश में जुटे एक रिश्तेदार के यहां लाखों की चोरी हो गई है। परेशान परिजनों ने बृहस्पतिवार को कोतवाली गंगनहर पहुंचकर जमकर हंगामा काटा।
कृष्णानगर निवासी मोनू (26 वर्ष) पुत्र सुभाष चंद चार दिन पूर्व संदिग्ध हालात में लापता हो गया था। युवक का अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है। बृहस्पतिवार को लापता युवक के परिजन और रिश्तेदार आदि गंगनहर कोतवाली पहुंचे। उन्होंने कहा कि चार दिन हो चुके हैं। लेकिन अभी तक भी युवक का कुछ पता नहीं चल पाया है। वह कहां है और किस हाल में कुछ पता नहीं चल पा रहा है। पुलिस इस दिशा में कोई भी कारगर कार्रवाई नहीं कर पाई है। उन्होंने बताया कि युवक की तलाश में जुटे उसके जीजा राकेश सैनी के घर भी लाखों की चोरी हो गई है।
युवक के न मिलने से सभी लोग बेहद परेशान है। मामले में प्रभावी कार्रवाई न होने से परेशान परिजनों की कोतवाली प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह के साथ नोकझोंक भी हुई, हालांकि कोतवाली प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह ने बताया कि लापता युवक को तलाश करने के लिए पुलिस हरसंभव प्रयास कर रही है। जल्द ही युवक को तलाश कर दिया जाएगा। कोतवाल के इस आश्वासन पर परिजन शांत हो गए और कोतवाली से चले गए।