रुड़की में मंगलौर हाइवे बाइपास का निरीक्षण करते मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, कैबिनेट मंत्?
- फोटो : ROORKEE
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने हरिद्वार कुंभ के मद्देनजर नारसन बॉर्डर पर स्वास्थ्य सुविधाओं और दिल्ली-हरिद्वार हाईवे के मंगलौर बाईपास के निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) के अधिकारियों को कुंभ से पहले हर हाल में सभी निर्माण कार्य पूरा कर लिए जाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ के मद्देनजर सभी तैयारियां पूरी की जा रही हैं। खास तौर पर हाईवे के निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत सुबह 9.30 बजे नौ बजे हेलीकॉप्टर से नारसन स्थित राजा महेंद्र प्रताप डिग्री कॉलेज पहुंचे। इस दौरान कस्बे से नारसन बॉर्डर तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात थी। सुरक्षा घेरे में कार से मुख्यमंत्री नारसन बॉर्डर तक गए। यहां उन्होंने चेक पोस्ट पर कोरोना जांच एवं अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। सीएम ने अधिकारियों को टेस्टिंग में किसी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। इसके बाद मुख्यमंत्री कार से वाया रुड़की होते हुए कोर कॉलेज के समीप दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर बन रहे मंगलौर बाईपास पर पहुंचे। यहां एनएचएआई के अधिकारियों से काम की प्रगति के बारे में जानकारी ली। इसके बाद वह हरिद्वार रवाना हो गए। इस मौके पर शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक, शहर विधायक प्रदीप बत्रा, झबरेड़ा विधायक देशराज कर्णवाल, खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, माटी कला बोर्ड के उपाध्यक्ष शोभाराम प्रजापति, डीएम सी रविशंकर, एसएसपी डी सेंथिल अबूदई कृष्ण राज एस, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नमामी बंसल आदि मौजूद रहे।