संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भगवानपुर क्षेत्र के चुड़ियाला स्थित संत रविदास मंदिर में विशेष कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वह गुरु रविदास की पावन जन्मभूमि सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी से लाए गए मिट्टी के कलश की स्थापना करेंगे।
दायित्वधारी देशराज कर्णवाल वाराणसी से समरसता का प्रतीक कलश लेकर उत्तराखंड पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 13 जिलों में 19 स्थानों पर कलश स्थापित किए जाएंगे और गुरु रविदास के विचारों के प्रचार-प्रसार के लिए 411 कार्यक्रम आयोजित होंगे। देशराज कर्णवाल ने कहा कि गुरु रविदास ने समानता, बंधुत्व और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उनकी 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर शुरू किए गए समरसता संकल्प अभियान के तहत कलश यात्राएं, संगोष्ठियां, दीपोत्सव और विभिन्न सेवा कार्य आयोजित किए जाएंगे। उधर मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ, एसडीएम भगवानपुर डीएस नेगी और एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने कार्यक्रम स्थल और भलस्वागाज में बनाए जा रहे हेलिपैड का निरीक्षण किया।