हरियाणा पुलिस का रौब झाड़ना एक महिला को भारी पड़ गया। पुलिस ने कार की अधिक स्पीड होने पर महिला का चालान काट दिया। इस बीच महिला चेकिंग में लगे पुलिस जवानों से भिड़ गई। हालांकि, बाद में महिला ने अपनी गलती स्वीकार की और चालान कटवाकर वहां से रवाना हो गई।
हाईवे पर आए दिन ओवर स्पीड से हो रहे हादसों को रोकने के लिए एसएसपी के निर्देश पर चेकिंग की जा रही है। यातायात पुलिस स्पीड गन से वाहनों को पकड़कर कार्रवाई कर रही है। साथ ही कई जगहों पर स्पीड संबंधी साइन बोर्ड भी लगाए गए हैं। सोमवार को मंगलौर कोतवाली के पास यातायात पुलिस तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ चेकिंग कर कार्रवाई कर रही थी। इस बीच स्पीड गन ने हरिद्वार की ओर से आती एक कार की स्पीड 103 दर्ज की।
इस पर पुलिस ने कार को रोक लिया। कार चला रही महिला को पुलिस ने बाहर आने को कहा। साथ ही बताया कि कार की स्पीड अधिक होने पर चालान कटेगा। इस पर महिला ने खुद को हरियाणा पुलिस में बताते हुए आई कार्ड दिखाकर रौब झाड़ना शुरू कर दिया। साथ ही चालान काटने की बात पर भड़क गई, लेकिन पुलिस ने महिला की एक न सुनी और नकद चालान कर दिया। काफी देर तक महिला जवानों से उलझती रही। बाद में उसे गलती का अहसास हुआ तो माफी मांगी और चली गई।