मकर संक्रांति का पर्व बुधवार को पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया। इस दौरान लोगों ने ब्रह्म मुहूर्त में गंगा स्नान कर खिचड़ी गुड़, तिल, चावल और वस्त्र आदि का दान किया। पूरे दिन गंगनहर और नदियों के किनारे श्रद्धालुओं का ताता लगा रहा।
लक्सर क्षेत्र में श्रद्धालुओं ने बालावाली व पश्चिम मुहानी गंगा नदी पर गंगा स्नान किया। वहीं, मंदिरों में पूजन अर्चना करने के लिए लोगों की काफी भीड़ देखने को मिली। श्रद्धालुओं ने स्नान कर उगते सूर्य को जल चढ़ाया। इस अवसर पर लोगों ने तिल, गुड़ व खिचड़ी आदि का प्रसाद भी बांटा। बालावाली घाट पर सुबह चार बजे से दोपहर 2 बजे तक श्रद्धालुओं ने स्नान किया। श्री दुर्गा माता मंदिर के पुजारी विनोद शर्मा ने बताया कि मकर संक्रांति के दिन सूर्य मकर राशि में प्रवेश करता है। इस दिन से सूर्य उत्तर दिशा की ओर बढने लगता है। सूर्य की इस गति के कारण दिन लंबे और रात छोटी होने लगती है। उन्होंने बताया कि मकर संक्रांति के दिन से मांगलिक कार्य शुरू हो जाते हैं।